प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी ओरिजिनल फिल्म ‘डोंट बी शाय’ के वैश्विक प्रीमियर की घोषणा कर दी है। श्रीति मुखर्जी के लेखन और निर्देशन में बनी यह युवा रोमांटिक कॉमेडी 25 सितंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगी। फिल्म का निर्माण आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने अपने बैनर इंटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के तहत किया है। ग्रिश्मा शाह और विकेश भूटानी फिल्म के सह-निर्माता हैं।
चार नए कलाकार निभाएंगे मुख्य भूमिका
‘डोंट बी शाय’ के जरिए चार नए कलाकार आरुषि बजाज, अंश दुग्गल, बियांका अरोड़ा और पीयूष खाटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी युवाओं की दोस्ती, पहले प्यार, दिल टूटने, सपनों और खुद को समझने की कोशिश के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अल्वा नाइक भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। कहानी में युवा उम्र के रिश्तों, भावनाओं और बड़े होने के दौरान सामने आने वाली उलझनों को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज में पेश किया गया है।
दोस्ती, प्यार और बड़े होने की कहानी
प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया के ओरिजिनल्स के निदेशक एवं प्रमुख निखिल माधोक ने फिल्म को दोस्ती, प्यार और बड़े होने के सफर का जश्न बताया। वहीं, आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने कहा कि यह परियोजना शुरुआत से ही उनके लिए खास रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म के युवा कलाकारों ने अपने किरदारों में ताजगी और सच्चाई भरने का प्रयास किया है।
‘डोंट बी शाय’ 25 सितंबर से हिंदी भाषा में अंग्रेजी उपशीर्षकों के साथ दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।



