रांची। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की जन आकांक्षाओं को पूरा करने के उद्देश्य से ‘अबुआ दिशोम बजट 2026-27’ प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2050 तक युवा झारखंड को समृद्ध और सशक्त बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए इस बजट में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि बजट में किए गए प्रावधानों का असर आने वाले समय में जमीन पर स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास को गति देने और उसे नई दिशा देने के लिए यह बजट एक ठोस कदम है। उन्होंने वित्त मंत्री की सराहना करते हुए कहा कि बजट में राज्य के विकास का व्यापक खाका पूरी पारदर्शिता के साथ प्रस्तुत किया गया है। अब आवश्यकता है कि इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसका लाभ आम लोगों तक पहुंचे।
सीएम ने कहा कि इस बजट में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है और हर क्षेत्र को जोड़ने का प्रयास किया गया है। यदि कोई वर्ग या क्षेत्र छूट गया हो, तो उसे भी शामिल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
