Homeझारखंडउपेक्षा से नाराज हुईं विधायक डॉ. नीरा यादव, प्रोटोकॉल उल्लंघन का लगाया...

उपेक्षा से नाराज हुईं विधायक डॉ. नीरा यादव, प्रोटोकॉल उल्लंघन का लगाया आरोप। जाने क्या है पूरा मामला…

कोडरमा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को डोमचांच स्थित सीएम प्लस टू हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय विधायक डॉ. नीरा यादव को मंच पर दीप प्रज्वलन के लिए आमंत्रित नहीं किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ विवाद

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, लेकिन मंच पर केवल चुनिंदा अतिथियों को ही आमंत्रित किया गया। विधायक डॉ. नीरा यादव को इस प्रक्रिया से अलग रखे जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से वह लगातार योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होती रही हैं, लेकिन इस तरह की स्थिति पहले कभी नहीं बनी।

मंच पर नाम और तस्वीर नहीं होने पर जताई आपत्ति

विधायक ने कहा कि यह एक सरकारी कार्यक्रम था, इसके बावजूद न तो मंच पर उनका नाम प्रदर्शित किया गया और न ही उनकी तस्वीर लगाई गई। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधि के सम्मान की अनदेखी बताते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सम्मान करते हुए रहीं मौजूद

डॉ. नीरा यादव ने कहा कि वह इस व्यवहार से आहत होकर कार्यक्रम छोड़कर जा सकती थीं, लेकिन यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन था। इसलिए उन्होंने कार्यक्रम में बने रहना उचित समझा। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार असम्मानजनक है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।

मामला उच्च स्तर तक ले जाने की चेतावनी

विधायक ने कहा कि वह इस मामले को उच्च स्तर पर उठाएंगी ताकि भविष्य में प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। वहीं मौके पर मौजूद कई वरिष्ठ अधिकारी इस मामले पर टिप्पणी करने से बचते नजर आए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments