Homeअन्तर्राष्ट्रीयश्रीगंगानगर में सेना के ट्रक और एम्बुलेंस की टक्कर, तीन की मौत,...

श्रीगंगानगर में सेना के ट्रक और एम्बुलेंस की टक्कर, तीन की मौत, दो गंभीर

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे-62 पर रविवार सुबह सेना के एएलएस (एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट) वाहन और एक निजी एम्बुलेंस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एम्बुलेंस सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

हादसा सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में 22 एलजीडब्ल्यू के पास हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को तत्काल सूरतगढ़ के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि मृतक हिंदुमलकोट थाना क्षेत्र के 5 बी कोनी गांव के निवासी थे।

सेना ने जताई संवेदना, जांच जारी

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी, राजस्थान लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे सूरतगढ़-श्रीगंगानगर मार्ग पर केंचियां कस्बे के पास एक निजी एम्बुलेंस ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे सेना के एएलएस वाहन से टकरा गई। हादसे में तीन नागरिकों की मौत हो गई, जबकि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। भारतीय सेना ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए नागरिक प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments