रांची। झारखंड नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। चुनावी माहौल के बीच शहर के अपराधी और उचक्के सक्रिय बताए जा रहे हैं, जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
सिटी एसपी पारस राणा के निर्देश पर सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के अपराधियों के सत्यापन का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस प्रशासन की मंशा स्पष्ट है कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की हिंसा, धमकी या बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदाता बिना डर-भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
इसी कड़ी में रांची पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ‘सत्यापन अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों को अब हर हफ्ते या 15 दिन में एक बार संबंधित थाने में हाजिरी लगानी होगी। सिटी एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे लोगों की सूची तैयार कर उनसे नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज कराई जाए, ताकि उनकी वर्तमान लोकेशन और गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी रहे।
उल्लेखनीय है कि झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने रांची सहित राज्य के सभी 48 नगर निकायों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पहले से ही सतर्कता बरत रहा है।
