भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की सूची जारी की, सुवेंदु भवानीपुर से भी प्रत्याशी

नई दिल्ली :भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी।
पार्टी ने श्री सुवेंदु अधिकारी को उनके मौजूदा विधानसभा क्षेत्र नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी उम्मीदवार बनाया है जहां से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस समय विधायक हैं। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार घोष को बोलपुर से टिकट दिया गया है। इसके अलावा कूचबिहार उत्तर (एससी) सीट से सुकुमार रॉय, सीतलकुची (एससी) से सावित्री बर्मन, दिनहाटा से अजय रॉय और तूफानगंज से मालती रावा रॉय को उम्मीदवार बनाया गया है। कुमारग्राम (एसटी) से मनोज कुमार ओरांव, कालचिनी (एसटी) से विशाल लामा और अलीपुरद्वार से परितोष दास को टिकट दिया गया है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की 12 मार्च को हुयी बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह समेत केंद्रीय चुनाव समिति के सभी सदस्य मौजूद थे। विचार विमर्श के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी गई।

भाजपा नेतृत्व का कहना है कि उम्मीदवारों का चयन संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए किया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की योजनाओं के आधार पर राज्य में उसे व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *