बढ़ते अपराध के विरोध में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, किया एसएसपी कार्यालय घेरा

पूर्वी सिंहभूम। शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर के बैनर तले शनिवार को सैकड़ों कार्यकर्ता साकची स्थित भाजपा कार्यालय में एकत्रित हुए। इसके बाद भाजपाई पैदल मार्च करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां नारेबाजी के साथ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान “अपराधियों पर कार्रवाई करो”, “जमशेदपुर को सुरक्षित बनाओ” जैसे नारों से इलाका गूंज उठा। प्रदर्शन में विधायक पूर्णिमा साहू, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा, अमरप्रीत सिंह काले, दिनेशानंद गोस्वामी, गुंजन यादव, विकास सिंह, अजय सिंह, मोहन शर्मा, राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे। यह प्रदर्शन जमशेदपुर महानगर के नवनियुक्त अध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में पहला बड़ा विरोध प्रदर्शन था, जिसमें कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी। मौके पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि झारखंड में औद्योगिक घराने खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दिन-दहाड़े अपहरण जैसी घटनाएं यह साबित करती हैं कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में अपहरण, रंगदारी, अवैध वसूली, नशे का बढ़ता कारोबार, चोरी, लूट और गुंडागर्दी की कई घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ हेलमेट चेकिंग और चालान काटने तक सीमित रह गई है। वहीं महानगर अध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि झारखंड में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले जमशेदपुर के एक कारोबारी के पुत्र का अपहरण हुआ, लेकिन 98 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। इससे शहर के कारोबारी वर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई और कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर अपराध पर तत्काल लगाम लगाने की मांग की। शहर में लगातार बढ़ रहे अपराध, चोरी, छिनतई, रंगदारी और कारोबारी पुत्र के अपहरण की घटनाओं को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय के सामने जोरदार आक्रोश-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर अपराध रोकने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *