रांची। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने झारखंड सरकार पर मुख्यमंत्री आवास के निर्माण को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर राज्य की जनता रोज़ी-रोटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का ‘शीश महल’ तैयार किया जा रहा है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राह पर चल पड़े हैं। जिस तरह दिल्ली में जनता के पैसे से आलीशान मुख्यमंत्री आवास बनाया गया, उसी तर्ज पर झारखंड में भी मुख्यमंत्री के लिए भव्य महल का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित आवास में स्विमिंग पूल, जकूजी, आलीशान कमरे, लगभग 2 करोड़ रुपये का फव्वारा और करीब ढाई करोड़ रुपये का गार्डन जैसी सुविधाएं शामिल की जा रही हैं, जो आम जनता की भावनाओं के साथ मजाक है।
BJP प्रवक्ता ने कहा कि इस परियोजना को हाल ही में कैबिनेट से मंजूरी दी गई, लेकिन कैबिनेट ब्रीफिंग में इस तथ्य को सार्वजनिक नहीं किया गया। उनके अनुसार आधिकारिक तौर पर मुख्य भवन के निर्माण पर करीब 47 करोड़ रुपये खर्च बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य मदों को जोड़ने पर लागत लगभग 70 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। उन्होंने दावा किया कि निर्माण कार्यों में सामान्यतः 25 से 30 प्रतिशत लागत बढ़ जाती है, ऐसे में परियोजना की कुल लागत 100 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।
प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाया कि जब सरकार पहले ही स्मार्ट सिटी क्षेत्र में भविष्य में नया राजभवन और मुख्यमंत्री आवास बनाने की घोषणा कर चुकी है, तो फिर फिलहाल इतनी बड़ी राशि खर्च करने की जरूरत क्या है।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी और पूछेगी कि क्या गरीबों के टैक्स का पैसा मुख्यमंत्री के शाही ठाठ-बाट के लिए खर्च किया जाना चाहिए या राज्य के विकास के लिए।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।
