पेमिया ऋषिकेश विश्वविद्यालय को कैबिनेट की मंजूरी, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम : दिनेश महतो

रिपोर्ट : कुमार अजय

धनबाद। भेलाटांड़ बांसकपुरिया में आयोजित शिक्षाप्रेमियों की बैठक में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो के पुत्र एवं युवा नेता दिनेश कुमार महतो ने चंदनकियारी (बोकारो) में प्रस्तावित पेमिया ऋषिकेश विश्वविद्यालय को झारखंड कैबिनेट से मिली स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे राज्य के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश महतो मेमोरियल पब्लिक एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा प्रस्तावित इस विश्वविद्यालय को मिली मंजूरी झारखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत है। इससे राज्य के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।

दिनेश कुमार महतो ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह कदम शिक्षा के विकास को नई गति देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और विश्वास से विश्वविद्यालय उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बनेगा और प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। इसी उद्देश्य के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *