रांची। झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 अपने रोमांचक अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स ने फाइनल में जगह बना ली है। अब दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला 23 जून को शाम छह बजे जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
जमशेदपुर स्टीलर्स ने कोयलांचल सुपर किंग्स को 79 रन से हराया
पहले सेमीफाइनल में जमशेदपुर स्टीलर्स ने लीग चरण की शीर्ष टीम कोयलांचल सुपर किंग्स को 79 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टीलर्स ने दो विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
कुमार करण ने 63 गेंदों पर नाबाद 143 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली, जो इस लीग का अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। वहीं रवि शर्मा ने 46 गेंदों पर नाबाद 81 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 203 रन की अविजित साझेदारी की।
जवाब में कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर सिमट गई। कप्तान उत्कर्ष सिंह ने 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। स्टीलर्स के लिए प्रतीक रंजन और मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने तीन-तीन विकेट लिए। कुमार करण को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
छोटानागपुर रॉयल्स ने रांची टाइटन्स को सात विकेट से हराया
दूसरे सेमीफाइनल में रांची टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 220 रन बनाए। श्रेष्ठ ने 62 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया।
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। मोहम्मद नाजिम सिद्दीकी ने 43 रन और कप्तान विराट सिंह ने 77 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद कुमार कुशाग्रा ने 26 गेंदों पर 58 रन की विस्फोटक पारी खेली। रॉयल्स ने 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विराट सिंह को उनकी शानदार कप्तानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आज होगा खिताबी मुकाबला
अब झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 का फाइनल मुकाबला छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच खेला जाएगा। मैच का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है।
