मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पैतृक गांव नेमरा में ‘बाहा पर्व’ में लिया भाग, जाहेर थान में की पूजा-अर्चना

रामगढ़। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचकर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।

परंपरा के अनुसार, पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रामीणों के साथ अपने आवास से पदयात्रा करते हुए ‘बाहा पूजा’ के लिए जाहेर थान पहुंचे।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह

हर वर्ष की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री ‘बाहा पर्व’ में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। उन्हें अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के क्षेत्रों के लोग काफी उत्साहित नजर आए। पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।

सपरिवार पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे और उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *