मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के निर्माणाधीन पथों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिये निर्देश

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिले के लिये घोषित निर्माणाधीन योजनाओं का आज निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरू पथ के दोनों तरफ भूमिगत नाले के साथ ही पथ का निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने रूपसपुर नहर रोड के समीप दीघा-एम्स पाटलि पथ से नेहरू पथ के कनेक्टिविटी कार्य का जायजा लिया। जायजा के क्रम में अधिकारियों ने दीघा-एम्स पाटलि पथ से नेहरू पथ के कनेक्टिविटी कार्य तथा पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन-नेहरू पथ-अशोक राजपथ की सम्पर्कता के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

दीघा गोलम्बर के पास जेपी गंगा पथ पर कराये जा रहे सौंदर्गीकरण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि इस काम को ठीक ढंग से निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण करायें। इस काम के पूरा हो जाने से वाहनों का सुचारू रूप से परिचालन होगा तथा आवागमन काफी सुगम होगा। लोगों को जाम से निजात मिलेगी।

इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चन्द्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *