सिटी एसपी ने सुनी लोगों की समस्या

भागलपुर। जिले के बरारी थाना का सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया और इसके साथ ही जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर प्रशासन के सामने रखा।
जनसंवाद के दौरान लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था, स्थानीय विवाद, ट्रैफिक समस्या तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया। सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों पर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना और लोगों के साथ विश्वास का संबंध मजबूत बनाना है।

बताया गया कि जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश वरीय अधिकारियों की ओर से दिया गया है, ताकि आम नागरिकों और पुलिस प्रशासन के बीच किसी प्रकार की दूरी न रहे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सिटी एसपी ने निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की।

उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशीलता के साथ जनता की शिकायतों का निपटारा करें और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास बढ़ेगा तथा समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो सकेगा। पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के तहत आगे भी इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *