सीएम नीतीश ने दरभंगा को दी 138 करोड़ की सौगात, बोले– राज्य में रामराज्य का माहौल

दरभंगा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दूसरे चरण के तहत आज मिथिलांचल के केंद्र दरभंगा में मौजूदगी दर्ज कराई। कुल 105 करोड़ की 50 योजनाओं का शिलान्यास और 33 करोड़ की 40 योजनाओं का उद्घाटन किया। दरभंगा हवाई अड्डे पर उतरने के साथ ही उनके सघन निरीक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। दिल्ली मोड़ स्थित हाई-टेक बस स्टैंड से लेकर निर्माणाधीन एयरपोर्ट टर्मिनल तक, मुख्यमंत्री स्वयं विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा की। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले पटना से दरभंगा आने में सात घंटे लगते थे। अब दो से ढाई घंटे में पहुंच जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अब मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कि दरभंगा जिले का पहले क्या हाल था। वर्ष 2005 से पहले की सरकार ने कुछ नहीं किया। हमलोगों ने दरभंगा जिले में विकास के सभी काम करा दिये हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भी एक्सटेंशन किया जा रहा है। जीएनएम एवं पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना की गयी। कई पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है। सड़क का निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अगले 5 वर्षों (2025-2030) में कई कार्य कराये जायेंगे। सरकार द्वारा पहले कार्यकाल 2005-2010 तक, दूसरे कार्यकाल 2010-2015 तक, तीसरे कार्यकाल 2015-2020 तथा चौथे कार्यकाल 2020-2025 को मिलाकर चारों कार्यकाल में हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिला सशक्तीकरण के लिए बहुत काम हुआ है। अब विकास की गति को और तेज किया जायेगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अगले 5 वर्षों के लिए सात निश्चय 3 का गठन किया गया है। (1) दोगुना रोजगार दोगुनी आय राज्य की प्रति व्यक्ति औसत आय को दोगुना किया जायेगा तथा इसके लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर महिला को 10 हजार रूपये दिये गये हैं। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रूपये तक की सहायता दी जायेगी। अगले 5 वर्षों में युवाओं को 1 करोड़ नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराये जाएंगे। इसके लिए नये युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है। (2) समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार अगले 5 वर्षों में उद्योग लगाने पर पूरा जोर दिया जायेगा। सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जायेगी। नये बड़े उद्योगों के लिए मुफ्त भूमि एवं अनुदान दिया जा रहा है। नीतीश कुमार ने कहा कि अब किसी प्रकार के डर एवं भय का वातावरण नहीं है। राज्य में प्रेम, भाईचारा एवं शांति , राम राज्य का माहौल है। अब कोई हिन्दू-मुस्लिम झगड़ा नहीं होता है, इसके लिए वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गयी। पहले लगभग 8 हजार कब्रिस्तानों की घेराबंदी की गयी। बाद में कुछ और कब्रिस्तानों को चिन्हित किया गया, जिसकी घेराबंदी की जा रही है। वर्ष 2016 से 60 वर्ष से पुराने हिन्दू मंदिरों की घेराबंदी की गयी है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *