पटना : बिहार में सियासत का बड़ा दिन है। नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। पटना के गांधी मैदान में इसके लिए भव्य समारोह आयोजित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता समारोह में मौजूद हैं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हेलिकॉप्टर से सीधे गांधी मैदान पहुंचेंगे।
हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री पटना पहुँच चुके हैं। सुरक्षा की कमान SPG ने संभाल रखी है।
डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शपथ लेंगे। कुल 18 मंत्रियों की शपथ लगभग तय मानी जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री समेत जदयू के 7, बीजेपी के 8 और लोजपा (आर), रालोमो एवं हम के 1-1 मंत्री शामिल हो सकते हैं।
जदयू कोटे से विजय चौधरी, लेसी सिंह, श्रवण कुमार, जमा खान, अशोक चौधरी और बिजेंद्र यादव को फोन गया है। वहीं बीजेपी से दानापुर से बाहुबली को हराकर जीते रामकृपाल यादव और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री बनना भी फाइनल माना जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष का पद बीजेपी के हिस्से में गया है और डॉ. प्रेम कुमार स्पीकर बनाए जाएंगे। नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, हरियाणा के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा शासित राज्यों के तमाम मुख्यमंत्री गांधी मैदान पहुंच चुके हैं।
