पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई की जीत पर कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई

पटना। पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में सेंट्रल पैनल के दो महत्वपूर्ण पदों पर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) समर्थित उम्मीदवारों की प्रचंड जीत पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इसे राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की सामाजिक न्याय की विचारधारा की जीत बताया।

एनएसयूआई समर्थित उम्मीदवार शांतनु शेखर यादव छात्रसंघ अध्यक्ष तथा खुशी कुमारी महासचिव पद पर निर्वाचित हुई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दोनों विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों ने लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के पक्ष में अपना स्पष्ट समर्थन दिया है।

राजेश राम ने इस सफलता का श्रेय एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद उर्फ सूरज यादव, प्रदेश प्रभारी सत्यम कुशवाहा तथा संगठन से जुड़े सभी छात्र नेताओं को देते हुए कहा कि छात्र नेतृत्व ने संघर्ष का रास्ता अपनाकर यह जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बताए मार्ग पर चलते हुए छात्र नेताओं ने सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूत किया है।

वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने भी चुनाव परिणाम पर खुशी जताते हुए इसे दूरगामी प्रभाव वाला बताया। उन्होंने कहा कि पटना विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए सरकारी तंत्र की निरंकुशता के खिलाफ संदेश दिया है।

छात्रसंघ चुनाव में मिली इस जीत पर विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा सहित प्रेमचन्द्र मिश्रा, राजेश राठौड़, कपिलदेव प्रसाद यादव, कुमार आशीष, असित नाथ तिवारी, डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय, डॉ. शशि रंजन, शशांत शेखर, सौरभ कुमार एवं मनोरंजन कुमार ने भी अध्यक्ष शांतनु शेखर यादव और महासचिव खुशी कुमारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *