रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव के परिणामों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस प्रक्रिया के लिए व्यापक और बहुस्तरीय व्यवस्थाएं की हैं। मतगणना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित चक्रों में संपन्न होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि धनबाद नगर निगम को छोड़कर शेष सभी नगर निकायों के चुनाव परिणाम 27 फरवरी को देर शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पूरे राज्य में कुल 1309 टेबलों पर एक साथ मतों की गिनती की जाएगी। पार्षद तथा मेयर/अध्यक्ष पद के लिए डाले गए मतों की गिनती समानांतर रूप से होगी। बैलट बॉक्स खोले जाने के बाद सबसे पहले पार्षद और मेयर/अध्यक्ष के मतपत्रों को अलग-अलग किया जाएगा। इसके बाद मतपत्रों को बंडल बनाकर गणना प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, वार्ड पार्षद पद की मतगणना पहले पूरी की जाएगी और उसका परिणाम पहले घोषित होगा। इसके बाद मेयर/अध्यक्ष पद के मतों की गिनती पूरी कर अंतिम परिणाम रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा घोषित किया जाएगा।
मतगणना में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि रात 8 बजे के बाद कोई नई मतपेटी नहीं खोली जाएगी और निर्धारित चक्रों के अनुसार ही मतों की गणना की जाएगी। मतगणना स्थलों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निकाय चुनाव के नतीजों पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि इन परिणामों को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
