शर्मनाक : दहेज नहीं मिलने पर बहू की हत्या कर जंगल में जलाया गया शव

पलामू। पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र के डाला कला गांव में दहेज नहीं मिलने पर एक बहू की हत्या कर उसके शव को जला दिया गया। घटना 13 फरवरी को हुई। शिकायत के बाद शनिवार को शव के हड्डी एवं अन्य अवशेष जंगल से बरामद किये गये। महिला की पहचान डाला कला की सितारा देवी उम्र करीब 22 वर्ष, पति मुकेश भुइयां के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष के सभी आरोपित फरार हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपिताें की तलाश जारी है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सितारा देवी की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया है। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस डाला के जंगल में पहुंची, जहां मृतका सितारा देवी के शव के अवशेष बरामद हुए। जांच में पता चला कि हत्या के बाद शव को जला दिया गया था और उससे जुड़े अवशेषों को नष्ट करने का प्रयास किया गया। पुलिस की टीम ने दंडाधिकारी के साथ जंगल से सबूत जुटाए।

थाना प्रभारी विगेश कुमार राय के अनुसार अवशेषों की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलायी गयी है। सितारा की शादी मई 2025 में हुई थी।

इस संबंध में मृतका के पिता कोलिनडूबा, बिंधमगंज सोनभद्र उत्तर प्रदेश के मुन्ना लाल भुइयां ने आवेदन दिया गया है। उन्हाेंने कहा है कि उसकी पुत्री को शादी के बाद से अक्सर दहेज को लेकर मारपीट और दहेज मांग की जाती थी एवं कल 13 फरवरी को उसकी हत्या कर बिना जानकारी दिए सबूत छुपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया। इस संबंध में कांड दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *