तेलमच्चो के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका में जांच शुरू

रिपोर्ट: कुमार अजय

धनबाद। महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो पंचायत अंतर्गत नूतनडीह कुंजी जंगल में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लगभग 22 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ की टहनी से शर्ट के सहारे लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एक महिला धान का बीज डालने के लिए खेत जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। महिला द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

पहचान नहीं हो सकी

महुदा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिस्थितियां उठा रहीं कई सवाल

घटनास्थल पर शव के पैर से खून बहने के निशान मिले, जिससे ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। मृतक की पैंट पेड़ के नीचे पड़ी थी, जबकि उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था। लाल रंग की शर्ट से ही फंदा बनाया गया था। घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *