Homeराष्ट्रीयसड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे की मौत, पढ़े...

सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे की मौत, पढ़े पूरी रिपोर्ट…

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रक्षा मंत्री Rajnath Singh के भतीजे प्रभात सिंह (29) की मौत हो गई। यह दुर्घटना गुरुवार देर रात शिप्रा थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब वे देवास से इंदौर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गायघाट गांव निवासी प्रभात सिंह अपने तीन परिचितों के साथ निजी कार्य से देवास गए थे। देर रात इंदौर लौटते समय शिप्रा क्षेत्र में उन्होंने किसी आवश्यक कार्य के लिए सड़क किनारे वाहन रोका। इसी दौरान कार की ओर लौटते समय तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में प्रभात सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से उन्हें तत्काल इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन ने विशेष अनुमति लेकर रात में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा।

दुर्घटना की खबर मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से मुलाकात की।

वहीं हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बस की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि चालक को जल्द गिरफ्तार कर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments