रांची। रामनवमी को लेकर पूरे राज्य में 25 डीएसपी, 20 इंस्पेक्टर, 1130 एसआइ-एएसआइ , छह रैपिड एक्शन फोर्स, 5577 लाठी बल, 315 सशस्त्र बल, आठ सीएपीएफ कंपनी, 5400 होमगार्ड, दो अश्रु गैस दस्ता, छह अग्निशमन सेवा, दो टीम बम निरोधक दस्ता, जोनल आइजी -रेंज डीआइजी 300 फोर्स। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में रामनवमी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रामनवमी को लेकर राजधानी रांची सहित राज्य के 24 जिलों में 12,767 से अधिक अतिरिक्त बल की तैनाती की गयी है। इनमें डीएसपी, इंस्पेक्टर, दारोगा, रैपिड एक्शन पुलिस, लाठी बल, सशस्त्र बल, सीएपीएफ, होमगार्ड, अश्रु गैस दस्ता, अग्निशमन दस्ता और बम निरोधक दस्ता को तैनात किया गया है।
इसके अलावा जोनल आईजी और रेंज आईजी को भी अतिरिक्त फोर्स दिया गया है। पर्व के मद्देनजर हजारीबाग, गिरिडीह, लोहरदगा, बोकारो, जमशेदपुर सहित अन्य जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इस संबंध में आइजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता एवी होमकर ने शनिवार को बताया कि रामनवमी को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी जिलों में पर्याप्त संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों को लगाया गया है। सभी एसपी को पर्व को लेकर कई दिशा निर्देश भी दिए गए हैं। सोशल मीडिया सहित अन्य गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
