धनबाद। शहर के वासेपुर इलाके में मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के घर पहुंची। कोर्ट के आदेश पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए यह कार्रवाई की गई।
वासेपुर स्थित कमर मखदूमी रोड पर सुबह से ही हलचल तेज हो गई थी। पुलिस वाहनों के पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। प्रशासन की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किया गया। विधि-व्यवस्था प्रभारी नौशाद आलम, बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और भूली ओपी प्रभारी अभिनव कुमार अपने-अपने दलबल के साथ मौके पर मौजूद थे।
कोर्ट से जारी कुर्की-जब्ती के आदेश के तहत पूूूर्व की कार्रवाई में कुछ हिस्से अधूरे रह गए थे। उसी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए मंगलवार को दोबारा टीम पहुंची। इस दौरान घर की छत पर लगा शेड उखाड़कर जब्त कर लिया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
कार्रवाई के दौरान इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। वहीं विधि व्यवस्था डीएसपी नौशाद आलम ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के आवास पर छापेमारी की कार्रवाई की गई है।
