Homeबिहारश्रावणी मेला को लेकर डीएम-एसपी ने सुंदरनाथ धाम का लिया जायजा, सोमवारी...

श्रावणी मेला को लेकर डीएम-एसपी ने सुंदरनाथ धाम का लिया जायजा, सोमवारी पर वाहनों के प्रवेश पर रोक

अररिया। कुर्साकांटा प्रखंड स्थित बाबा सुंदरनाथ धाम मंदिर और श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी विनोद कुमार और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सुंदरी मठ न्यास समिति के अध्यक्ष सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल सहित जिले के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाने और सड़क मरम्मत के निर्देश

मंदिर परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में श्रावणी सोमवारी और श्रावण पूर्णिमा के दौरान संभावित भीड़, जलाभिषेक व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को कुर्साकांटा हत्ता चौक से रजौला चौक तक अतिक्रमण हटाने तथा सड़क की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने जलाभिषेक की व्यवस्था की भी विस्तृत जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सुंदरनाथ धाम में मंदिर समिति द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है।

सोमवारी और पूर्णिमा पर मंदिर के पास वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सोमवारी और श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर किसी भी प्रकार के वाहन को मंदिर के समीप नहीं आने दिया जाएगा। दुपहिया और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर के पूर्व में सुंदरी टावर चौक और पश्चिम में रजौला चौक के पास बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा। दोनों स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। श्रद्धालु निर्धारित स्थान से पैदल सुंदरनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर सकेंगे।

निरीक्षण और बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी, मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य, संबंधित अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments