बोकारो । झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से हड़कंप मच गया है। बालीडीह थाना क्षेत्र के गोडाबाली पहाड़ी पर हुई इस क्रॉस-फायरिंग में कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया के पैर में गोली लगी है। पुलिस टीम ने उसे घायल अवस्था में दबोच लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस टीम पर अचानक हमला
एसपी हरविंदर सिंह के अनुसार, पुलिस हिरासत में मौजूद प्रिंस गुप्ता ने पूछताछ में पहाड़ियों में हथियार छिपाने की बात कबूल की थी। बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह जब उसे लेकर हथियार रिकवरी के लिए पहुंचे, तो प्रिंस ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस को झांसा दिया। उसने एक हथियार पुलिस को सौंपा और फिर अचानक छिपे हुए दूसरे पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली पुलिस वाहन में जा लगी, जिससे टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए।
रंगदारी गिरोह का बड़ा नेटवर्क
प्रिंस गुप्ता केवल अपराधी नहीं, बल्कि बड़े गैंगस्टरों का ‘इनफॉर्मर’ भी था। जांच में खुलासा हुआ है कि वह अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह के लिए काम करता था। वह बोकारो के स्थानीय व्यापारियों के मोबाइल नंबर इन गिरोहों तक पहुँचाता था। इसी जानकारी के आधार पर गैंगस्टर व्यवसायियों से मोटी रंगदारी मांगते थे।
अब तक 7 गिरफ्तारियां
व्यवसायियों को धमकी मिलने के बाद पुलिस लगातार इन गिरोहों पर नकेल कस रही है। इस मामले में पुलिस अब तक 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रिंस की निशानदेही पर अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की तैयारी है।
FSL टीम करेगी जांच
मुठभेड़ की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी ने साफ कर दिया है कि अपराध और रंगदारी के खिलाफ जिले में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है।
