धनबाद। धनबाद नगर निकाय चुनाव 2026 और होली पर्व को देखते हुए धनबाद में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार तड़के बलियापुर थाना क्षेत्र के परघा बस्ती, बांधटांड़ और कुसुमाटांड़ इलाके में व्यापक छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब की कई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। टीम ने मौके पर ही करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया, जबकि लगभग 200 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। जब्त सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में उत्पाद निरीक्षक जॉय हेंब्रम ने बताया कि पिछले एक महीने से अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चुनाव और होली को ध्यान में रखते हुए विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त इलाके में दोबारा अवैध शराब का अड्डा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर दलबल के साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
निरीक्षक ने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही संचालक जंगल और आसपास के क्षेत्रों का फायदा उठाकर फरार हो जाते हैं। हालांकि संबंधित संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी जब्त सामग्री की सूची तैयार कर वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में जोगनकोचा क्षेत्र में भी उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर 400 लीटर महुआ शराब जब्त की थी और लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया था। उस मामले में भी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना सख्त कार्रवाई की जाएगी।
