रांची। सुखदेवनगर थानाक्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को हथियार और नशीले पदार्थों के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों का नाम हिमांशु यादव उर्फ लालू, अनिकेत पाठक, निहाल पाण्डेय, नीरज कुमार उर्फ भोलू और राहुल बड़ाईक है। इनके पास से पुलिस ने मेड इन यूएसए निर्मित एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, 34 पुड़िया ब्राउन शुगर, चार मोबाइल, 40 हजार नकद रुपये, एक स्कूटी और एक बुलेट बाइक बरामद की है।
सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि एसएसपी दोपहर करीब 1:15 बजे सूचना मिली थी कि चूड़ी सेंटर गली, बाबा अस्पताल के सामने स्थित हिमांशु यादव उर्फ लालू यादव के घर पर कुछ अपराधी इकट्ठा होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही छापेमारी दल का गठन किया गया।
जब पुलिस टीम ने हिमांशु यादव के घर की घेराबंदी शुरू की, तो पुलिस को देख अपराधी भागने लगे।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से पांच युवकों को दबोच लिया, जबकि दो अन्य अपराधी गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित हिमांशु यादव पहले भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तीन अलग-अलग मामलों में संलिप्त रहा है।
एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी पारस राणा और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है।
