ट्यूशन से लौट रही युवती पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में जमशेदपुर रेफर

पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई, जहां ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही एक युवती पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया।

घटना कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल के सामने वाली गली की बताई जा रही है। घायल युवती की पहचान शिल्पी मोदक (24) के रूप में हुई है, जो न्यू कॉलोनी नीमडीह में संतोषी मंदिर के पास की रहने वाली है। उसके पिता अनिल मोदक टोटो चालक हैं।

जानकारी के अनुसार, शिल्पी मोदक रोज की तरह बुधवार रात ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रही थी।

इसी दौरान पहले से घात लगाए एक युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर ने सफेद शर्ट और जींस पहन रखी थी।

उसने युवती पर लगातार सात से आठ बार चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।

घायल के बड़े पिता सुनील मोदक ने बताया कि शिल्पी उनके छोटे भाई अनिल मोदक की बेटी है और वह प्रतिदिन बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाती थी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना कुछ बच्चों के माध्यम से परिवार को मिली, जिसके बाद सभी लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे।

मामले की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपित की पहचान हो सके।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *