एसएनएमएमसीएच की हर जरूरत को पूरी करेगी सरकार : सीएस

धनबाद। मुख्य सचिव (सीएस) अविनाश कुमार ने शुक्रवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीजी बिल्डिंग 01, 02 और 03, इमरजेंसी वार्ड सहित अस्पताल की अन्य संरचनाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर गहन विचार विमर्श किया।

निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने कहा कि उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को समझने के लिए निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज अच्छे रहें और उनमें हर सुविधाएं मौजूद हों। आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को कोई भी परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से आज निरीक्षण किया।

इस क्रम में अस्पताल को स्टेट ऑफ द आर्ट (आधुनिकतम) अस्पताल बनाने, मरीजों की बढ़ती संख्या का बेहतर मैनेजमेंट, चिकित्सक और फैकेल्टी, यहां की भूमि का बेहतर उपयोग, पुरानी एवं नई बिल्डिंग को जोड़ने के लिए मार्ग सहित अन्य व्यवस्था का आंकलन किया है।

मुख्य सचिव ने कहा कि अस्पताल की सभी कमियां पूरी होंगी और संरचनाएं विकसित होंगी। अस्पताल के हर समस्या का निराकरण होगा। अस्पताल को आधुनिकतम बनाने के लिए राज्य सरकार हर जरूरत को पूरी करेगी। मुख्य सचिव ने कहा कि इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जा रही हैं। सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए ठोस निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *