राज्यपाल ने रांची में निर्माणाधीन अत्याधुनिक पुस्तकालय का किया निरीक्षण

रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को रांची के मोरहाबादी स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं और कर्मियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन नहीं, बल्कि ज्ञान, अध्ययन और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) और कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत दिए गए योगदान की सराहना की।

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि रांची को जल्द ही एक ‘वर्ल्ड क्लास मॉडर्न लाइब्रेरी’ मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह छह मंजिला पुस्तकालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जहां एक साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे। यह पुस्तकालय न केवल रांची बल्कि पूरे झारखंड के युवाओं के लिए ज्ञान और आत्मविकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

राज्यपाल ने कहा कि यह लाइब्रेरी प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट वातावरण प्रदान करेगी और उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्यपाल ने यह भी बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान बरेली में भी इसी तरह की आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक मॉडल लाइब्रेरी स्थापित की गई थी।

इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह पहल खासकर ग्रामीण और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जिन्हें अक्सर संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय के प्रथम तल पर देश के वीर सपूतों के चित्र और उनकी जीवनियां प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि छात्र-छात्राएं उनसे प्रेरणा ले सकें।

संजय सेठ ने कहा कि यह आधुनिक पुस्तकालय देश के चुनिंदा लाइब्रेरी में शामिल होगा और इसमें वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग से अध्ययन और बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *