नाबालिग बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और मौत को लेकर हजारीबाग बंद

हजारीबाग। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बाजार, दुकानें और यातायात काफी हद तक प्रभावित रहा। लोगों ने स्वेच्छा से इस बंद का समर्थन करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस पर आम जनता और राजनीतिक दलों में भारी आक्रोश है। इधर, इस मामले में हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। सोमवार को हुई सुनवाई में अदालत ने राज्य के गृह सचिव, डीजीपी और हजारीबाग एसपी को पार्टी बनाते हुए जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही अदालत ने घटना की वीभत्सता पर गहरी चिंता व्यक्त की। पीड़िता के परिवार को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने का भी निर्देश दिया है। इस हत्याकांड पर हजारीबाग से भाजपा सांसद मनीष जायसवाल ने जिला प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है,तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सांसद ने फिलहाल हजारीबाग बंद करने की बात कही,लेकिन जरूरत पड़ने पर पूरे झारखंड को बंद करने की चेतावनी भी दी। मनीष जायसवाल ने यह भी कहा कि एक मां अपनी बेटी के लिए इंसाफ की गुहार लगा रही है और इस जघन्य घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिलती,तब तक पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और कानून का भय समाप्त होता जा रहा है। गुप्ता ने इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर गहरा रोष है। लोग सड़कों पर उतरकर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। बंद के दौरान जगह-जगह प्रदर्शन और नारेबाजी भी की गई। उल्लेखनीय हो कि बच्ची 24 मार्च मंगलवार रात से लापता थी। बुधवार दिन उसका शव खेत में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। ग्रामीणों के अनुसार, पत्थर से मारकर बच्ची क चेहरे को खराब कर दिया गया था। बच्ची के पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं। जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसकी मौत को लेकर सोमवार को पूरे जिले में बंद का व्यापक असर देखने को ​मिला। इसे लेकर हजारीबाग के लोगों ने कहा कि दोषियों को कड़ी-से-कड़ी सजा मिलने तक आन्दोलन जारी रहेगा। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के आह्वान पर पूरे जनपद के व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों को आज बंद रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *