रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के समक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों कांग्रेस, झामुमो और जेएलकेएम के सैकड़ों कार्यकर्ताओं बुधवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। रांची के हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी उपस्थित थे।
मौके पर सुदेश महतो ने कहा है कि झारखंड में राज्य सरकार जनता के साथ छल कर रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल झामुमो–कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव में अपना–अपना प्रत्याशी उतारा है। अगर उन्हें चुनाव में जोर आजमाना ही था, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दलीय आधार पर चुनाव करवा लेते। उन्होंने कहा कि ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराना भी राज्य सरकार की नीयत पर संदेह पैदा करता है। आजसू पार्टी राजनीतिक नैतिकता का पालन करते हुए किसी भी प्रत्याशी का समर्थन नहीं कर रही है। इसे लेकर जिला समितियां अपने स्तर पर निर्णय लेंगी।
जागरूक युवा अब संभालें झारखंड की बागडोर
सुदेश ने कहा कि झामुमो ने पिछले दो चुनावों में निजी कम्पनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने का वायदा किया था, लेकिन छह वर्ष में राज्य सरकार ने स्थानीयता को भी तय नहीं कर सकी है। सरकार को पहले स्थानीयता को निर्धारित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पार्टी निरंतर संघर्ष के पथ पर अग्रसर है। राज्य की निकम्मी सरकार से क्षुब्ध होकर लोग लगातार आजसू पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है जब सुलझे हुए और जागरूक युवा झारखंड की बागडोर अपने हाथों में लेने को तैयार हैं। यह सदस्यता ग्रहण उसी जनविश्वास का उदाहरण है।
इस अवसर पर केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार और युवा आजसू के प्रदेश संयोजक अब्दुल जब्बार, जिला सचिव कुदरत शेख सहित अन्यत उपस्थित थे।
वहीं पार्टी में शामिल होनेवालों में मेसरा अस्पताल के निदेशक जावेद अख्तर, साबिर हुसैन, नूरहसन अंसारी, तबरेज अंसारी, माजिद आलम, राजाउल अंसारी सहित अन्य शामिल थे।
