हेमंत सोरेन आज शाम पांच बजे तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ

रांची। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को हेमंत सोरेन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद हेमंत सोरेन आज ही शाम पांच बजे राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर तीसरी बाद पद की शपथ लेंगे। फिलहाल, अकेले मुख्यमंत्री के तौर पर उनका ही शपथ ग्रहण होगा। मंत्रिमंडल का विस्तार और शपथ ग्रहण बाद में होगा। हेमंत ने आज सुबह राज्यपाल से भेंट की तो कहा जा रहा था कि हेमंत सरकार का शपथ ग्रहण सात जुलाई को होगा लेकिन हेमंत सोरेन के आवास पर चली बैठक में तय हुआ कि हेमंत आज ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और बाद में कैबिनेट का विस्तार होगा।

इससे पूर्व इंडी गठबंधन के नेताओं के साथ हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से भेंट की थी। इसमें मंत्री सत्यानंद भोक्ता, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक कल्पना सोरेन, विनोद सिंह भी शामिल थे। राज्यपाल ने हेमन्त सोरेन को मनोनीत मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त करते हुए शपथ ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है। इसके बाद हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए गवर्नर के प्रति धन्यवाद भी व्यक्त किया। साथ ही कहा कि विरोधियों द्वारा रची गई लोकतंत्र विरोधी साजिश के अंत की शुरुआत हो गई है। सत्यमेव जयते।

कैबिनेट में बदलाव की संभावना नहीं

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद हेमंत सोरेन की कैबिनेट में पुराने चेहरे ही नजर आएंगे या नये विधायकों को भी जगह मिलेगी। जानकारी के मुताबिक झामुमो से नये चेहरे को शामिल करने की कोई संभावना नहीं दिख रही है। इसका मतलब है कि हेमंत सोरेन के नये कैबिनेट में बसंत सोरेन, मिथिलेश ठाकुर, बेबी देवी, हफीजुल हसन और दीपक बिरुआ फिर मंत्री बन सकते हैं। कांग्रेस से अभी रामेश्वर उरांव, बादल और बन्ना गुप्ता मंत्री हैं। आलमगीर आलम मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में उनकी जगह कौन होगा और कांग्रेस से चेहरे बदले जाएंगे कि नहीं, इस पर कांग्रेस में मंथन चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *