हिजबुल्लाह ने इजराइल पर 150 रॉकेट, ईरान ने एकीकृत अभियान में मिसाइल दागीं

तेल अवीव। ईरान समर्थित लेबनान के आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह ने बुधवार देरशाम इजराइल में कम से कम 150 रॉकेट दागे। इस दौरान ईरान ने भी एकीकृत अभियान (इंटीग्रेटेड ऑपरेशन) में मिसाइल दागी। 28 फरवरी से शुरू इस जंग में हिजबुल्लाह के इस हमले को सबसे बड़ा बताया जा रहा है।

द टाइम्स ऑफ इजराइल अखबार की रिपोर्ट में बताया गया है कि इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह के गढ़ पर लड़ाकू विमानों से बमबारी की है। एक इजराइली अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्ष गंभीर तनाव की ओर बढ़ रहे हैं। हिजबुल्लाह ने कई घंटों तक हमला जारी रखा। हमले में रॉकेट के अलावा ड्रोन का भी प्रयोग किया गया। इस दौरान लाखों इजराइली घरों को छोड़कर आश्रय स्थलों पर पहुंच गए।

इजराइल के एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि हिजबुल्लाह ने यह हमला ईरान के समर्थन में शुरू किया है। इस अधिकारी ने रात लगभग आठ बजे ईरान ने एक मिसाइल से देश सेंट्रल इलाके को निशाना बनाया। इसी दौरान हिजबुल्लाह ने ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। उसने रॉकेट की बौछार कर दी। एक घंटे के अंतराल में कम से कम 100 रॉकेट दागे। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इसे एकीकृत हमला बताया। इजराइल ने कहा कि ईरानी मिसाइलों ने देश के नॉर्थ और साउथ को टारगेट किया।

इजराइल ने कहा कि उसकी रक्षा प्रणाली ने ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट करते हुए हिजबुल्लाह के हमलों को भी विफल कर दिया। बावजूद इसके हमले के दौरान आग लग गई, और दो लोग मामूली घायल हो गए। मैगन डेविड एडोम एम्बुलेंस सर्विस ने कहा कि 35 साल की एक महिला और 50 साल का एक पुरुष इस हमले की चपेट में आ गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

इजराइल डिफेंस फोर्सेज ने कहा कि हिजबुल्लाह के हमले का संकेत मिलते ही लोगों को सावधान कर दिया गया। गैलिली और हाइफ़ा में सायरन बजाए गए। सायरन की आवाज लेबनान बॉर्डर से 50 किलोमीटर तक के इलाकों में सुनी गई। आईडीएफ का आकलन है कि हिजबुल्लाह ने उत्तर में कम से कम 150 रॉकेट दागे। इनमें से कई कई रॉकेट खुले इलाकों में भी गिरे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *