परीक्षा केंद्र में हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

धनबाद। जिले के गोविन्दपुर थाना क्षेत्र स्थित मिनेर्वा डिजिटल परीक्षा केंद्र में एसएससी (एमटीएस) ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सेंटर कोऑर्डिनेटर की ओर से कदाचार की सूचना देने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्र के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार परीक्षार्थियों की पहचान रौनक कुमार, निवासी रामचन्द्रपुर, जिला लक्खीसराय (बिहार) और बिटु कुमार, निवासी कोचगांव, जिला लक्खीसराय (बिहार) के रूप में हुई है। वहीं परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत शशि कुमार, निवासी दायमचक, जिला नालंदा (बिहार) को भी गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में शुक्रवार को सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा कि जांच के दौरान परीक्षार्थियों के पास से अत्याधुनिक तकनीकी उपकरण ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस बरामद किया गया, जिनका उपयोग कर बाहर से उत्तर बताए जा रहे थे। पूछताछ में परीक्षार्थियों ने स्वीकार किया कि परीक्षा केंद्र के कर्मचारी की ओर से उन्हें ये उपकरण उपलब्ध कराए गए थे और पूरी साजिश पहले से रची गई थी।

आरोपितों ने यह भी खुलासा किया कि नकल कराने के लिए प्रति परीक्षार्थी आठ लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से ढाई लाख रुपये अग्रिम रूप से भुगतान किया गया था।

गिरफ्तार कर्मचारी के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और लेन-देन से जुड़े कई अहम साक्ष्य बरामद हुए हैं। इस मामले में गोविन्दपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *