पटना। बिहार विधानमंडल में बजट सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले क्या हाल था, सभी जानते हैं। जब से हमको सत्ता मिली है विकास के काम में लगे हैं। शाम 5 बजे के बाद घर से बाहर लोग नहीं निकलते थे? शाम के बाद कोई बाहर नहीं जाता था। कितना हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था।
नीतीश कुमार ने कहा कि “पढ़ाई का हाल बहुत ही बुरा था। 2005 से पहले स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चौपट थी। इलाज का इंतजाम ही नहीं था। बिजली की स्थिति इतनी खराब थी कि लगता ही नहीं था कि कब आती है और कब जाती है। हमारी सरकार आने के बाद हर क्षेत्र में विकास हुआ है और आगे भी जारी रहेगा। अब कोई डर का माहौल नहीं है, शांति का माहौल है।
नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में सबसे अधिक काम किया है। लड़की- लड़कियों के लिए पोशाक की योजना चलाई गई। साल 2023 से 2,58,000 सरकारी शिक्षकों की बहाली की गई। नियोजित शिक्षकों को सरकारी शिक्षक बनने के लिए पांच मौका देने की घोषणा की गई। अब तक चार मौका दिया जा चुका है। 2006 से 03 लाख नियोजित शिक्षक बने। मामूली परीक्षा लेकर नियोजित शिक्षकों को सरकारी शिक्षक बनाया जा रहा है। अब तक 2.66 लाख शिक्षक पास हो चुके हैं। अब 73,000 शिक्षक बच गए हैं, उन्हें एक मौका और मिलेगा। अब सरकारी शिक्षकों की संख्या पूरे राज्य में 5,24,000 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू यादव पर तंज कसते हुए कहा कि हम लोगों की जब सरकार बनी, उससे पहले स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब थी। अस्पतालों में एक-दो मरीज ही आते थे। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने औसतन 11,600 मरीज आते हैं। इन लोगों ने कोई काम नहीं किया था। खुद चले गए तो पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। हम लोग जब सत्ता में आए तो मुफ्त में दवा की भी व्यवस्था करवाये। प्रदेश में 12 मेडिकल कॉलेज अभी काम कर रहे हैं। 27 मेडिकल कॉलेज और बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेडिकल अस्पताल को 5000 बेड का अस्पताल बना रहे हैं। कल भी जाकर देखे हैं और जल्दी से पूरा करने के लिए अधिकारियों को कहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि 10 लाख नौकरी और 40 लाख रोजगार यानी कि दोनों मिलकर 50 लाख नौकरी-रोजगार दिया जा चुका है। अगले 5 साल में एक करोड़ नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा केंद्र सरकार का बिहार के विकास में पूरा सहयोग मिल रहा है।
