रसोइयों की बेमियादी हड़ताल, विद्यालयों का मध्याह्न भोजन प्रभावित

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में कार्यरत विद्यालय रसोइयों ने मंगलवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ के आह्वान पर प्रखंड के विभिन्न स्कूलों में काम करने वाली सैकड़ों रसोइयों ने प्रखंड परिसर में जुटकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल के कारण कई विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

संघ के जिला अध्यक्ष सालगे हांसदा, प्रखंड अध्यक्ष नागी मुर्मू, शकुंतला दास और राजकुमारी सीट ने कहा कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से विद्यालयों में सेवा दे रही हैं, लेकिन आज तक उन्हें न तो उचित मानदेय मिला और न ही स्थायीकरण की दिशा में कोई ठोस पहल की गई। उनका कहना है कि सीमित मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है और सरकार की ओर से बार-बार आश्वासन के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

रसोइयों ने स्पष्ट किया कि उनकी सात सूत्री मांगों में मानदेय बढ़ाने, सेवा का स्थायीकरण, मेडिकल सुविधा और सामाजिक सुरक्षा शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। संघ नेताओं ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन बाहरी एजेंसी के माध्यम से मध्याह्न भोजन तैयार कराने की कोशिश करता है तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि विद्यालय के शिक्षक स्वयं भोजन तैयार करते हैं तो वे इसका विरोध नहीं करेंगे।

प्रदर्शन में आरती भकत, मिठू दास, हीरामणि सरदार, जोबा भकत, सुलोचना, लीलावती सरदार, शिवानी थयाल, पार्वती भकत, रानी महतो और आनंदनी सरदार समेत बड़ी संख्या में रसोइयां मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *