रांची। राज्यपाल के निर्देश पर झारखंड के लोक भवन उद्यान को आम नागरिकों के भ्रमण एवं परिदर्शन के लिए 2 फरवरी से 8 फरवरी तक के लिए खोला गया है। उद्यान के खुलने के पहले ही दिन ही यानी सोमवार को बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे।
प्रशासन के अनुसार उद्घाटन दिवस पर कुल 2559 नागरिकों ने लोक भवन उद्यान का भ्रमण किया और वहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।
उद्यान भ्रमण का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उद्यान में प्रवेश लोक भवन के गेट संख्या-2 से कराया जा रहा है, जहां सुरक्षा जांच के उपरांत ही नागरिकों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। प्रवेश का समय दोपहर एक बजे तक निर्धारित है।
राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन उद्यान को आम लोगों के लिए खोलने का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगंतुकों की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
लोक भवन उद्यान में इस बार गुलाबों की खास बहार देखने को मिल रही है। उद्यान में 30 हजार से अधिक गुलाब के फूल मौजूद हैं। लाल, पीले और गुलाबी गुलाबों से पूरा परिसर रंगीन नजर आ रहा है। खास आकर्षण उन पौधों का है, जिनमें एक ही पेड़ पर अलग-अलग रंगों के गुलाब खिले हुए हैं। यह दृश्य लोगों को रुकने और तस्वीर लेने के लिए मजबूर कर रहा है।
गुलाबों के अलावा सीजनल फूलों की भी आकर्षक सजावट की गई है। विभिन्न रंगों के मौसमी फूलों से क्यारियां सजी हुई हैं, जो उद्यान की सुंदरता को और बढ़ा रही हैं। यहां बनाए गए कृत्रिम पहाड़ और झरने लोगों को प्राकृतिक अहसास दे रहे हैं। फव्वारों से गिरता पानी और आसपास की हरियाली वातावरण को और मनमोहक बना रही है। उद्यान में झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाया गया है। सोहराई पेंटिंग, महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके अलावा पीला बांस, रुद्राक्ष, कल्पतरु, स्ट्रॉबेरी, इलायची और तेजपत्ता जैसे पौधे भी लोगों को खासा प्रभावित कर रहे हैं।
