HomeBreaking Newsबिहार में एनडीए की 160 से अधिक सीटों के साथ बनेगी सरकार...

बिहार में एनडीए की 160 से अधिक सीटों के साथ बनेगी सरकार : जेपी नड्डा

पटना ; बिहार में पहले चरण के मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एनडीए की संभावित जीत पर भरोसा जताया और विपक्ष पर तीखा हमला किया। नड्डा ने कहा कि हाई वोटिंग प्रतिशत और जनता की स्पष्ट चुनावी पसंद एनडीए की सरकार के लिए मजबूत संकेत हैं।

प्रो-इनकंबेंसी का वोटिंग पैटर्न

जेपी नड्डा ने गुरुवार को एक चैनल पर इंटरव्यू में कहा कि मैं पहले भी आश्वस्त था और पहले चरण के मतदान के बाद बिल्कुल आश्वस्त हूं कि एनडीए 160 प्लस सीटों के साथ सरकार बनाएगा। बिहार में कहीं भी एंटी इनकंबेंसी का संकेत नहीं है। जनता विकास, स्थिरता और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के पक्ष में मतदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनता ने अपनी आशाओं और एस्पिरेशन को वोट के माध्यम से स्पष्ट किया है। लोग चाहते हैं कि बिहार में स्थिर सरकार बने, विकास हो और मोदीजी के आशीर्वाद का फायदा बिहार को मिले। यही कारण है कि हाई वोटिंग प्रतिशत देखा गया। यह स्पष्ट प्रो-इनकंबेंसी वोट है।

300 करोड़ रोजगार के वादों को बताया हास्यास्पद और लास्ट मिनट का प्रयास

नड्डा ने महागठबंधन और तेजस्वी यादव के 300 करोड़ रोजगार के वादों को ‘लास्ट मिनट का प्रयास’ करार दिया। उन्होंने कहा कि जनता इसे गंभीरता से नहीं ले रही। महागठबंधन के नेता समय-समय पर वादे करते हैं, लेकिन उनकी क्रेडिबिलिटी कमजोर हो चुकी है। जनता जानती है कि यह वादे हास्यास्पद हैं और इन पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

एनडीए की जीत को कोई प्रभावित नहीं कर पाएगा

नड्डा ने भरोसा जताया कि चुनाव में कोई बागी या नाराज कैंडिडेट एनडीए की जीत को प्रभावित नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता स्पष्ट और सुदृढ़ वोटिंग कर रही है, जिससे एनडीए को स्थिरता और विकास के साथ बिहार सरकार बनाने का मौका मिलेगा।

उस समय स्टेट मशीनरी लॉ एंड ऑर्डर में लिप्त थी

नड्डा ने जंगलराज के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय स्टेट मशीनरी लॉ एंड ऑर्डर में लिप्त थी। मुकामा हत्याकांड, शिल्पी गौतम केस जैसे उदाहरण हैं, जहां राजद नेताओं का नाम सामने आया। उस समय केसों को दबाया गया और राज्य प्रशासन इन घटनाओं में शामिल था। उन्होंने कहा कि अब ऐसी कोई स्थिति नहीं है। आज बिहार में कानून और व्यवस्था पूरी तरह लागू है। मुकामा हत्याकांड में दोषियों को गिरफ्तार किया गया। कोई भेदभाव नहीं, कोई समझौता नहीं। राज्य प्रशासन पूरी तरह निष्पक्ष है।

विकास और स्थिरता के पक्ष में बिहार, यही हमारी जीत की गारंटी

जेपी नड्डा ने कहा कि सीमांचल क्षेत्र में चुनाव चुनौतीपूर्ण हो सकता है,लेकिन सभी वर्गों का वोट एनडीए को मिल रहा है। ओवैसी का असर सीमित है और एनडीए को समाज के सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि हमने पूरी ताकत और तैयारी के साथ चुनाव लड़ा है। पहले चरण के मतदान के बाद भी एनडीए की ताकत और समर्थन पहले जैसे मजबूत है। बिहार के लोग विकास और स्थिरता के पक्ष में हैं और यही हमारी जीत की गारंटी है।

राहुल गांधी ने विदेश में जाकर भारत की संस्थाओं के खिलाफ समर्थन मांगा

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने विपक्षी नेताओं और राहुल गांधी के डीप स्टेट और वोट चोरी के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं और कानून को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन जनता इसे समझ चुकी है। इन्होंने विदेश में जाकर भारत की संस्थाओं के खिलाफ समर्थन मांगा। यह बचकाना और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है।

एनडीए की रणनीति और भविष्य की तैयारी

नड्डा ने कहा कि एनडीए ने टिकटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन में पूरी तैयारी की है। कुछ बागी या नाराज कैंडिडेट्स हो सकते हैं, लेकिन उनका असर हमारी जीत पर नहीं पड़ेगा। बिहार की जनता स्पष्ट और सुदृढ़ वोटिंग कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए 160 प्लस सीटों के साथ जीत हासिल करेगा और सरकार विकास, रोजगार और स्थिरता के मुद्दों पर काम करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments