HomeBreaking NewsJPSC-JSSC छात्रों का विधानसभा घेराव, रांची में बढ़ी सुरक्षा

JPSC-JSSC छात्रों का विधानसभा घेराव, रांची में बढ़ी सुरक्षा

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई वार्ता विफल रहने के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन आगे बढ़ाने का फैसला किया। इसके बाद सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा की ओर कूच कर रहे हैं।

छात्रों के विधानसभा घेराव के ऐलान को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की है और बैरिकेड पर कंटीले तार भी लगाए गए हैं। विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

अलग-अलग रास्तों से रांची पहुंचे छात्र

आंदोलनकारी छात्रों के मुताबिक, बड़ी संख्या में छात्र रविवार रात ही अलग-अलग रास्तों और विभिन्न साधनों से विधानसभा की ओर रवाना हो चुके थे। कई छात्र ऑटो, निजी वाहनों और अन्य सवारियों के जरिए विधानसभा के आसपास पहुंच रहे हैं। छात्रों का कहना है कि वे किसी भी स्थिति में विधानसभा का घेराव करेंगे और अपनी मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखेंगे।

छात्रों ने दावा किया कि झारखंड के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंचे हैं। दूसरे राज्यों से आए छात्र भी आंदोलन के समर्थन में उनके साथ शामिल हो रहे हैं। कई छात्र विधानसभा के आसपास के इलाकों में पहुंचकर डेरा डाल चुके हैं और घेराव में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती की मांग

आंदोलनकारी छात्रों की मुख्य मांग जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की है। छात्रों का कहना है कि सरकार को उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेना होगा।

छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments