Homeझारखंडजेपीएससी-जेएसएससी विवाद में गरमाया माहौल, विधानसभा के बाहर आखिर क्यों मचा बवाल?

जेपीएससी-जेएसएससी विवाद में गरमाया माहौल, विधानसभा के बाहर आखिर क्यों मचा बवाल?

रांची। एबीवीपी के झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने संदिग्ध परीक्षाओं को निरस्त कर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दोबारा परीक्षा कराने तथा परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक और संस्थागत सुधार की मांग की। प्रकाश टूटी ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के जरिए दबाया नहीं जा सकता। एबीवीपी विद्यार्थियों के अधिकारों और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए अपना लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगा। संगठन ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर विद्यार्थियों में असंतोष है और उनकी मांगों के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। विधानसभा घेराव के मद्देनजर पुलिस ने पुरानी विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और विद्यार्थियों की मांगों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को विधानसभा का घेराव का प्रयास किया। विधानसभा की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पुरानी विधानसभा के पास रोक दिया। इस दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। एबीवीपी के अनुसार, विधानसभा घेराव के दौरान संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह, झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी सहित 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को खेलगांव स्थित कैंप जेल में रखा गया है। संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर कथित लाठीचार्ज और हिरासत की कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments