झामुमो के वनभोज सह कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए खूंटी और तोरपा के विधायक

खूंटी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) खूंटी जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद की अध्यक्षता में शनिवार को पेलौल डैम (बिचना) में वनभोज सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तोरपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी विधायक राम सूर्या शामिल हुए।

सम्मेलन के दौरान दोनों विधायकों ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की मजबूती, विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही क्षेत्र की जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया।

विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि इस वनभोज सह सम्मेलन ने कार्यकर्ताओं के बीच आपसी भाईचारा और संगठनात्मक एकता को और सुदृढ़ किया है। ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरते हैं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रिय भागीदारी के लिए आभार जताया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *