पूर्वी सिंहभूम। रेलवे प्रशासन द्वारा सोमवार को जारी सूचना के अनुसार टाटानगर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि कई को शॉर्ट टर्मिनेट, डायवर्ट और री-शेड्यूल किया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे के अनुसार, पुरी-बीबीएन एक्सप्रेस (18416) को झारसुगुड़ा रोड (जेआरएलआई) में ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है, जिससे जेआरएलआई से बड़बिल के बीच सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं वापसी में बीबीएन-पुरी एक्सप्रेस (18415) को डांगुवापोसी (डीजेएचआर) में समाप्त कर दिया गया है, जिससे डीजेएचआर से पुरी के बीच सेवा प्रभावित होगी।
इसी तरह हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस (12021) को टाटानगर में ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है। यह ट्रेन अब टाटानगर से ही जनशताब्दी एक्सप्रेस (12022) बनकर हावड़ा के लिए रवाना होगी। इसके चलते टाटानगर-बड़बिल सेक्शन पर इस ट्रेन की सेवा पूरी तरह रद्द कर दी गई है।
वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस (20892, पुरी-टाटानगर) को बिसरा (बीएसपीएक्स) में ही रोक दिया गया है, जबकि टाटानगर-ब्रह्मपुर एक्सप्रेस (20891) को रात 20:20 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।
डायवर्जन के तहत टाटानगर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस (20815) को चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, संबलपुर और टिटलागढ़ मार्ग से चलाया जा रहा है। इसके अलावा आनंद विहार-पुरी एक्सप्रेस (18428) को चांडिल, कांड्रा, टाटानगर और हिजली होते हुए परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जा रहा है।
साथ ही टाटानगर-गुवा-टाटानगर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन (68003-68004) को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।
रेलवे के इस फैसले से टाटानगर से बड़बिल, पुरी और विशाखापत्तनम की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।-
