मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बेड़ो में स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत सचिवालय भवन का किया शिलान्यास

रांची। झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शनिवार को बेड़ो प्रखंड के तुको और नरकोपी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा तुतलो में पंचायत सचिवालय भवन का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। सरकार जनता की मांग और जरूरत के अनुसार योजनाओं का चयन पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से कर रही है, जिससे कि अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके। उन्होंने संवेदकों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

मंत्री तिर्की ने बताया कि कृषि विभाग किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। सिंचाई के लिए सोलर पंप, पशुपालन के लिए गाय-बकरी वितरण, मत्स्य पालन को बढ़ावा और सब्सिडी पर ट्रैक्टर वितरण जैसी योजनाओं से ग्रामीण किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं भी ट्रैक्टर सब्सिडी योजना का लाभ उठा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक खेती के प्रशिक्षण के लिए किसानों के पास राज्य के भीतर और बाहर प्रशिक्षण लेने का विकल्प उपलब्ध है। विभाग किसानों को हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।

कार्यक्रम में बेड़ो उप प्रमुख मुद्दसिर हक, जिला परिषद सदस्य बेरिनिका उरांव, मोहम्मद फहीम, शंभू बैठा, मीर मुस्लिम, माधुरी उरांव, नसीमा खातून, बबलू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *