कोडरमा। जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ो गांव में मंगलवार की देर शाम एक नाबालिग छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान चांदनी कुमारी (पिता बैद्यनाथ राणा) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
बाजार से लौटे परिजनों ने देखा मंजर
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य एक रिश्तेदार की शादी के लिए खरीदारी करने बाजार गए हुए थे। शाम को जब परिजन वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर चांदनी का शव फंदे से लटकता हुआ मिला।
परिजनों का गंभीर आरोप: ‘आत्महत्या नहीं, हत्या है’
चांदनी की मां मंजू देवी ने इस मामले में सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार:
- चांदनी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
- घटना से एक दिन पहले लड़के के परिजनों ने घर आकर लड़की को काफी डांटा-फटकार लगाया था और उसे उनके बेटे से दूर रहने की चेतावनी दी थी।
- परिजनों का आरोप है कि जब वे बाजार गए हुए थे, तब लड़के के घरवालों ने घर में घुसकर चांदनी की हत्या कर दी और उसे फंदे से लटकाकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अभी मामले की तहकीकात कर रही है।
“फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत (FIR) दर्ज नहीं कराई गई है। आवेदन मिलते ही विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।” – अभिमन्यु पड़िहार, थाना प्रभारी, डोमचांच
