रामगढ़ में 8 फरवरी को होगा सांसद सामूहिक विवाह उत्सव, 101 बेटियों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे राज्यपाल

रामगढ़। शहर के सिद्धो-कान्हो मैदान में 8 फरवरी को आयोजित होने वाले सांसद सामूहिक विवाह उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सांसद मनीष जायसवाल ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मीडिया से बातचीत में बताया कि हजारीबाग संसदीय क्षेत्र की 101 बेटियों का विवाह भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा। इस आयोजन में 202 वर-वधू, उनके परिजन और क्षेत्र के हजारों लोग शामिल होंगे।

सांसद ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे 101 दूल्हों की बारात से होगी, जो 101 सजी-धजी गाड़ियों में निकलेगी। बारात की अगुवाई स्वयं सांसद मनीष जायसवाल करेंगे। बारात में छऊ नृत्य, आर्ष कन्या गुरुकुल की विदुषियों की झांकियां, ढाक-ताशा, बैंड पार्टी और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रामगढ़ छावनी परिषद के फुटबॉल ग्राउंड से निकलकर यह बारात शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरेगी, जहां 23 स्थानों पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

समारोह में प्रसिद्ध गायक और सांसद मनोज तिवारी मृदुल अपने गीतों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। कोलकाता के मशहूर राघव पंडित की टीम द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और “राम राम जय राजा राम” की धुन के बीच जयमाला की रस्म अदा की जाएगी। सांसद मनीष जायसवाल स्वयं 101 बेटियों का कन्यादान करेंगे।

इन जोड़ों में कई दिव्यांग कन्याएं, एक राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी कोच और वे बेटियां भी शामिल हैं जिन्होंने अपने माता-पिता या परिजनों को खो दिया है। सांसद जायसवाल ने न केवल उनका विवाह कराने, बल्कि उनके गृहस्थ जीवन को संबल देने का भी संकल्प लिया है। इसके तहत प्रत्येक जोड़े को एक-एक ई-रिक्शा और दैनिक जरूरत की कई सामग्रियां भेंट की जाएंगी।

आयोजन में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार सहित कई गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग के साथ सैकड़ों निजी सुरक्षाकर्मी और सांसद प्रतिनिधि तैनात रहेंगे। यह आयोजन सामाजिक सरोकार और सामूहिक सहभागिता का एक बड़ा उदाहरण बनने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *