पुडुचेरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और ‘बेस्ट पुडुचेरी’ के लिए काम करते रहने की प्रतिबद्धता दोहरायी।
श्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह केंद्र शासित प्रदेश उनके ‘बेस्ट पुडुचेरी’ यानी व्यापार, शिक्षा, आध्यात्मिकता और पर्यटन पर केंद्रित के दृष्टि की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह पुडुचेरी के अद्भुत लोगों के बीच आकर प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि आज शुरू हुईं परियोजनाएँ प्रदेश के लोगों के जीवन को सुगम बनाने और क्षेत्र में आर्थिक विकास को तेज़ करने में सहायक होंगी।
उन्होंने कहा, “पिछले साढ़े चार वर्षों में, इस दृष्टिकोण ने सुशासन और विकास को जन्म दिया है, जिसका प्रमाण प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और देश में सर्वोच्च सामाजिक प्रगति सूचकांक स्कोर है।”
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण पहलों का उद्घाटन किया, जिनमें पीएम ई-बस सेवा पहल के तहत ई-बसों का शुभारंभ, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत एकीकृत कमांड और कंट्रोल सेंटर, सिटीज़ (सीआईटीआईआईएस ) पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आवास इकाइयाँ, तथा पुडुचेरी सरकार की प्रमुख सीवरेज और जल आपूर्ति परियोजनाएं शामिल हैं।
ये परियोजनाएँ शहरी गतिशीलता में सुधार, नागरिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने और प्रौद्योगिकी आधारित शासन के माध्यम से बेहतर सेवा वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार की गयी हैं। उच्च शिक्षा और अनुसंधान को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए श्री मोदी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कराईकल में कॉम्पोजिट इंजीनियरिंग ब्लॉक, डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ब्लॉक और गंगा छात्रावास का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने पांडिचेरी विश्वविद्यालय में नए एनेक्सी भवनों, व्याख्यान कक्षों और छात्रावासों का भी उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने देशभर में अवसंरचना विकास को रेखांकित करते हुए इस वर्ष के बजट में आवंटित रिकॉर्ड 12 लाख करोड़ रुपये का उल्लेख किया। श्री मोदी ने कहा, “पुडुचेरी को अब ‘राज्यों को पूंजी निवेश के लिए विशेष सहायता’ योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है, जो पहले केवल राज्यों तक ही सीमित थी; इससे सड़कों, जल आपूर्ति, स्कूलों, अस्पतालों और ऐसी ही कई अन्य परियोजनाओं जैसी आवश्यक अवसंरचना के लिए अधिक धन उपलब्ध होगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “एक मजबूत और सशक्त युवा हमारे देश की विकास की नींव है। हम उनके सपनों को समर्थन देने के लिए काम कर रहे हैं।
एनआईटी कराईकल में नया डॉ एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और आधुनिक छात्रावास विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा हासिल करने में सहायक होगी। पांडिचेरी विश्वविद्यालय में अवसंरचना उन्नयन बेहतर शिक्षण वातावरण और अनुसंधान के अवसर पैदा करेगा।” इस दौरान उन्होंने हजारों रिक्त पदों को भरने के बाद सरकार में शामिल हुए युवाओं को भी बधाई दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्व स्वच्छ और हरित परिवहन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहन दैनिक जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी जैसे पर्यटन केंद्र में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उपलब्ध कराई जा रही इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण कम करने में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ने परिवारों को स्थिरता और सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से बनाई गई आवास परियोजनाओं के साथ-साथ पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यानम में चल रही कई सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उल्लेख किया। इन पहलों में स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए जल विलवणीकरण संयंत्र, अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार के लिए नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और मानसून के दौरान बाढ़ और जलभराव को कम करने के लिए चल रहे कार्य शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारे सभी प्रयास पुडुचेरी के लोगों के लिए जीवन को सुगम बनाने की दिशा में हैं।”
