नगरपालिका चुनाव में बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही : डीसी

रांची। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोपरि है। चुनाव कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों के बैठने की व्यवस्था, काउंटरवार सामग्री वितरण, मतपेटियों की सुरक्षित रख-रखाव, वाहन प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उपायुक्त ने स्वयं मतपेटियों की सीलिंग और लॉक व्यवस्था की जांच कर त्रुटिरहित तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिया गया। बताया गया कि 22 फरवरी को मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।

संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उपायुक्‍त ने कहा कि अधिकारी पूर्ण रूप से सतर्कता के साथ निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने पर अपनी भूमिका निभाएं।

मौके पर उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी, विभिन्न निर्वाची पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *