रांची। निकाय चुनाव-2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न् कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त ने अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटन होने के बाद समाहरणालय स्थित जी-14 सभागार में समीक्षा बैठक की।
बैठक में सभी निर्वाची सह सहायक निर्वाची पदाधिकारियों सहित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त ने चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया, मतदान और मतगणना की तैयारियों सहित निर्वाचन से जुड़े सभी कोषांगों के अब तक किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर सतत निगरानी रखने और सभी कार्यों को अत्यंत सावधानी और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की संभावना न रहे।
समय पर अपने दायित्वों का करें निर्वहन
मौके पर भजन्त्री ने कहा कि चुनाव के दौरान झारखंड राज्य निर्वाचन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, समय पर कार्य निष्पादन और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का निर्देश दिया।
बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित स्ट्रांग रूम और निर्धारित मतगणना स्थल पर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन, आवागमन व्यवस्था सहित अन्य जरूरी बिंदुओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र और मतपेटी कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि व्यवस्था-सह-आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन और जनशिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना प्रौद्योगिकी कोषांग और नियंत्रण कोषांग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित पदाधिकारी और कोषांगों से निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
