HomeBreaking Newsस्वतंत्रता दिवस पर झारखंड पुलिस के 29 जांबाज होंगे सम्मानित, मिलेंगे राष्ट्रपति...

स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड पुलिस के 29 जांबाज होंगे सम्मानित, मिलेंगे राष्ट्रपति और वीरता पदक

रांची। स्वतंत्रता दिवस झारखंड पुलिस के लिए गौरव का अवसर लेकर आ रहा है। 15 अगस्त 2026 को राज्य के उन पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के जरिए पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूची में कुल 29 अधिकारी-कर्मियों के नाम शामिल हैं। इनमें राष्ट्रपति पदक, वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मी शामिल हैं।

कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पदक

विशिष्ट सेवा के लिए दिए जाने वाले राष्ट्रपति पदक के लिए अवर निरीक्षक कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ का चयन किया गया है। वर्तमान में वह झारखंड सशस्त्र पुलिस बल-1, रांची में पदस्थ हैं। उन्हें यह सम्मान विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाएगा।

पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक

वीरता के लिए पदक पाने वालों में लातेहार और जामताड़ा में तैनात पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें विनय कुमार, प्रमोद कुमार राय, आरक्षी/175 पेद प्रकाश महतो, रामचन्द्र कुमार महतो और आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं। सभी को वीरता पदक के लिए चयनित किया गया है।

सराहनीय सेवा के लिए 23 अधिकारी-कर्मी

सराहनीय सेवा पदक पाने वालों की संख्या 23 है। इस सूची में पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों से लेकर पुलिसकर्मी तक शामिल हैं। इनमें आईपीएस डॉ. माइकलराज एस, आईपीएस अन्नपू विजायलक्ष्मी और आईपीएस अनुरंजन किस्पोट्टा के अलावा नीरज कुमार, अरुण कुमार, अरविंद कुमार पालित, वाशिष्ट कुंवर, संजय कुमार झा, विजय कुमार, मो. इरफान, द्वारका मंडल, मानती खलखो, प्रभा देवी, मनोज कुमार राय, असीत कुमार मोदी, दीपक मुंडा, महेंद्र महतो, हवलदार विजय थापा, रंजिता कुजूर, विदेशी मांझी, अजय कुमार दुबे, पूजा अंडा और दीपक कुमार सिंह के नाम शामिल हैं।

ये अधिकारी और कर्मी पुलिस मुख्यालय, एटीएस, एसटीएफ, विशेष शाखा, अपराध अनुसंधान विभाग, झारखंड सशस्त्र पुलिस बल, संचार एवं तकनीकी सेवाओं के साथ रांची, गढ़वा, चतरा, गुमला और अन्य स्थानों पर तैनात हैं।

13 अगस्त तक रांची में रिपोर्ट करने का निर्देश

पुलिस मुख्यालय ने सभी पदक विजेता अधिकारियों और कर्मियों को 13 अगस्त 2026 की अपराह्न तक वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। यदि इस बीच किसी अधिकारी या कर्मी का स्थानांतरण या पदस्थापन हो गया है तो संबंधित वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक या नियंत्रक पदाधिकारी को इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय को देने को कहा गया है।

निर्धारित वर्दी में शामिल होंगे पदक विजेता

स्वतंत्रता दिवस के अलंकरण समारोह के लिए पुलिस मुख्यालय ने वर्दी भी निर्धारित की है। अवर निरीक्षक स्तर से ऊपर के पुलिस पदाधिकारी समारोह में निर्धारित औपचारिक वर्दी, पीक कैप, सम ब्राउन और क्रॉस बेल्ट के साथ पदक धारण कर शामिल होंगे। अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी निर्धारित कार्य वर्दी में अपने पदक धारण कर समारोह में उपस्थित रहेंगे।

स्वतंत्रता दिवस पर इन 29 पुलिस अधिकारी-कर्मियों को मिलने वाले पदक उनके कर्तव्य, साहस, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा की पहचान हैं। अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों से चुने गए इन कर्मियों की उपलब्धियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments