Pk का CM सम्राट पर हमला, कहा केवल रंग बदलने से वास्तविकता नहीं बदलती


जनता बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हुए निदान की  पहल करें जनसुराजी: प्रशांत
– कहा कि बांकीपुर सीट हर हाल में जीतेंगे, जनसुराज पूरी ताकत लगाएगी

मोतिहारी ।

जन सुराज अभियान के प्रणेता प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है, लेकिन जन सुराज वहां भाजपा को हराने के लिए पूरी ताकत लगाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी टीम भाजपा को पराजित करने के लिए हर संभव रणनीति अपनाएगी।
कहा कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज को हराने के लिए बड़े पैमाने पर पैसे का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं को दस-दस हजार रुपये देकर चुनाव को प्रभावित किया गया।
प्रशांत किशोर आज मोतिहारी के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में पूर्वी चंपारण जिला जनसुराज के आयोजित कार्यकारणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हुए निदान के लिए पहल करते रहने की सलाह दी। कहा कि गांव गांव में सभी जनसुराजी प्रशांत बनकर काम करें।  लोगों को उनके भविष्य निर्माण की चिंता होनी चाहिए, आज माथा ठोक रहे हैं कि क्यों दस हजार के चक्कर में बच्चों का भविष्य बेंच दिया।
उन्होंने बांकीपुर के उप चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि वहां  भाजपा को हराने के लिए जन सुराज पूरी ताकत झोंक देगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रवींद्र कुमार बेरुवार तो मंच संचालन जिला महामंत्री अभय शर्मा ने की। इस दौरान प्रशांत किशोर का स्वागत जिलाध्यक्ष रविन्द्र कुमार एवं मोतिहारी कार्यालय प्रभारी रविश कुमार मिश्र ने अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह देकर किया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह खुद बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भाजपा को उसके गढ़ में हराना है और इसके लिए जो भी आवश्यक होगा, वह किया जाएगा। मौके पर वरिष्ठ नेता एके द्विवेदी, किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश महामंत्री सुभाष कुशवाहा, विचार मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष राजन दत्त द्विवेदी, वरिष्ठ नेता ज्ञानदेव मणी त्रिपाठी, कृष्णकांत मिश्रा, पूर्णिमा भारती, संजय ठाकुर, अजय कुमार आजाद आदि नेता मंचासीन थे।

-सीएम सम्राट चौधरी पर साधा निशाना

इस दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केवल रंग बदल लेने से वास्तविकता नहीं बदलती। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार को ‘जंगलराज’ कहा जाता था, तब वर्तमान मुख्यमंत्री कहां थे और उनकी क्या भूमिका थी।
मुख्यमंत्री के हरे रंग वाले बयान पर पलटवार करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि रंगों की राजनीति से जनता का भला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बिहार में पलायन की समस्या खत्म होनी चाहिए ताकि लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। साथ ही उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि राजनीति को असली मुद्दों पर केंद्रित किया जाना चाहिए, न कि रंगों की बहस में जनता का ध्यान भटकाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *